बहन से मोबाइल पर बात करने वाले की नाबालिग ने की हत्या
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई के पुरेना तालाब में 11 फरवरी को एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. शव की शिनाख्त सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम दर्रा निवासी राहुल चौहान के रूप में हुई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे हमले के निशान थे, जिससे साफ जाहिर हुआ कि यह निर्मम हत्या थी.
परिजनों के अनुसार, राहुल अपने एक दोस्त के साथ शिवरीनारायण मेले में घूमने की बात कहकर घर से निकला था. मेला देखने के बाद शाम करीब 6 बजे वे मौसी के घर से रवाना हुए. जांच में खुलासा हुआ कि राहुल एक नाबालिग लड़के की बहन से मोबाइल पर बात करता था, जिससे वह बेहद नाराज था. इस रंजिश के चलते नाबालिग ने अपने 6-7 साथियों के साथ मिलकर साजिश रची.
राहुल को रास्ते में घेर लिया गया, पहले मारपीट की गई और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई. सबूत मिटाने के इरादे से शव को तालाब में फेंक दिया गया. पुलिस ने मृतक के दोस्त से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की. एक नाबालिग की गिरफ्तारी के बाद उसने पूछताछ में पूरा राज उगल दिया.
एएसपी उमेश कश्यप के अनुसार, पुलिस ने अब तक दो बालिग आरोपियों कोमल कर्ष (23 वर्ष) और राजवीर अनंत (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
घटना में शामिल चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह पहुंचाया गया है. बाकी कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश तेज कर दी गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा.