जांजगीर में कांग्रेस नेता के घर घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, बेटे की मौत, दूसरा घायल
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार की देर रात बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक स्थानीय कांग्रेस नेता के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के 19 वर्षीय पुत्र आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा आशुतोष (16) गोली लगने से घायल हो गया है.
घायल किशोर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
घटना रात करीब 12:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे.
प्रत्यक्षदर्शी आशुतोष ने बताया कि बदमाशों ने कमरे में घुसते ही गोलियां चलाना शुरू कर दिया और बाद में परिजनों को कमरे में बंद कर फरार हो गए.
हालांकि बदमाशों ने कुछ पैसे और एक मोबाइल फोन भी छीना, लेकिन पीड़ित परिवार ने लूट के इरादे पर संदेह जताया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और साइबर टीमों को जांच में लगाया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.