डीजे पर थिरक रहे बारातियों पर कैप्सूल वाहन चढ़ा, चार महिलाएं घायल
जांजगीर-चांपा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर में एक कैप्सूल वाहन बारातियों की भीड़ में घुस गई जिससे डीजे की धुन पर नाच रहे लोगों को बचाने का कोई मौका नहीं मिला. चार महिलाएं घायल हुईं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के घिवरा गांव की है. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पेंड्रावन से रथू देवांगन की बारात भाटापारा पहुंची थी. गेट के ठीक बाहर सड़क पर डीजे बज रहा था और बाराती खुशी में झूम रहे थे. इसी बीच शिवरीनारायण की ओर से आ रहा एक कैप्सूल वाहन सड़क किनारे खड़ा था. अचानक वह बिना किसी चेतावनी के दौड़ पड़ा और सीधा बारातियों पर चढ़ गया.
वाहन ने सबसे पहले सड़क किनारे लगे टेंट को तोड़ा, फिर पास खड़ी महिलाओं को कुचलते हुए आगे बढ़ा.
घायल होने वाली महिलाओं में भूरी बाई (65), राधिका देवांगन, रेधुका देवांगन (55) और उषा बाई देवांगन (53) शामिल हैं. उषा बाई के पैर में चक्का चढ़ गया, उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया है. बाकी तीनों का इलाज बिर्रा में ही चल रहा है.
वाहन चालक ने पुलिस को बताया कि उसे झपकी आ गई थी और अचानक वाहन चल पड़ा. बिर्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया है. कैप्सूल वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे बारात के आनंद में अचानक दहशत फैल गई.