छत्तीसगढ़ में 1 से 7 मार्च तक मनेगा 'जन औषधि सप्ताह'
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ 1 से 7 मार्च, 2026 तक 'प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना' (PMBJP) के तहत देशव्यापी 'जन औषधि सप्ताह' समारोह की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. 'जन औषधि-सस्ती भी, भरोसेमंद भी' थीम के साथ आयोजित इस विशेष सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूक करना है.
फार्मास्युटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेस ब्यूरो ऑफ इंडिया (PMBI) द्वारा आयोजित इस अभियान का समापन 7 मार्च को 8वें 'जन औषधि दिवस' के रूप में होगा.
इस दौरान छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत सभी जिलों में स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता रैलियां और पदयात्रा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
राज्य में संचालित जन औषधि केंद्रों पर हृदय रोग, मधुमेह और संक्रमण रोधी दवाओं सहित 2,000 से अधिक दवाएं और 300 सर्जिकल उत्पाद ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत कम कीमतों पर उपलब्ध हैं.
राजधानी रायपुर में 7 मार्च को होने वाले मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी. केंद्र सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक देशभर में केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 25,000 करना है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के वित्तीय बोझ को कम कर एक आत्मनिर्भर और स्वस्थ भारत का निर्माण किया जा सके.