जगदलपुर: ओडिशा के दो गांजा तस्कर देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है. जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को दबोचा है, जो पड़ोसी राज्य ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप खपाने की फिराक में थे.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 42 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 21.21 लाख रुपए आंकी गई है. चौंकाने वाली बात यह है कि तस्करों के पास से एक अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं.
पुलिस विभाग को 23 फरवरी की रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की इनोवा कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ जगदलपुर की ओर लाया जा रहा है.
इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बोधघाट पुलिस ने एनएच-63 पर आड़ावाल के पास नाकाबंदी कर दी. संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही जब उसे रुकने का संकेत दिया गया, तो कार सवारों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हिरासत में ले लिया.
कार की तलाशी लेने पर पीछे की सीट से भूरे रंग के टेप में लिपटे 8 पैकेट मिले, जिनमें 42.431 किलो गांजा भरा हुआ था.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओडिशा के नबरंगपुर निवासी बाल्बो उर्फ बल्लब भत्तरा (40) और अमरज्योति हिरन (44) के रूप में हुई है.
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 11 लाख रुपए की इनोवा कार, हथियार, मोबाइल फोन और नकदी जब्त कर ली है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
24 फरवरी को दोनों आरोपियों को जगदलपुर स्थित विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है.