छत्तीसगढ़: सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पेंशन मामलों के निपटारे के निर्देश
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के शिक्षकों और कर्मचारियों के लंबित पेंशन मामलों के समयबद्ध निपटारे और सेवा पुस्तिकाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं. इस संबंध में विभाग द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है.
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पेंशन प्रकरणों में हो रही देरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी लंबित मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा की जाए और 30 सितंबर 2026 तक उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए.
विभाग ने मार्च 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं और पासबुक समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
सेवा पुस्तिकाओं में दर्ज वेतन निर्धारण का सत्यापन कोषालय एवं लेखा विभाग से कराया जाएगा ताकि सेवानिवृत्ति के समय पेंशन और अन्य देयकों के भुगतान में कोई रुकावट न आए. इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए हर साल 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे.
अदालती मामलों के कारण लंबे समय से लंबित पेंशन प्रकरणों के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को बिलासपुर स्थित कोर्ट सेल से सहायता लेकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है.
इसके अलावा, अक्टूबर 2026 और उसके बाद सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति वाले महीने में ही पेंशन भुगतान आदेश (PPO) और सभी सेवानिवृत्ति लाभ जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कर्मचारियों को अपने हक के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.