छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सख्त: मुख्य सचिव तलब
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलासपुर के रतनपुर नेशनल हाईवे पर रील बनाने के लिये सड़क जाम करने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस की नरम रवैये पर कड़ा रुख अपनाया है. कोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुये राज्य के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है.
20 जुलाई को एक अखबार में प्रकाशित एक खबर के आधार पर कोर्ट ने यह कार्रवाई की, जिसमें बताया गया कि कुछ रसूखदार युवाओं ने टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ियों को हाईवे पर लाइन में खड़ा कर स्टंट रील बनाई, जिससे भारी ट्रैफिक जाम हो गया.
वेदांत शर्मा, जो स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति विनय शर्मा का बेटा बताया जा रहा है, द्वारा अपलोड किये गये इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया उकसाई है.
हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु की खंडपीठ ने पुलिस की कार्रवाई को अपर्याप्त बताते हुये नाराजगी जताई.
पुलिस ने केवल 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया, न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई, न गाड़ियां जब्त की गईं और न ही भारतीय न्याय संहिता, मोटर व्हीकल एक्ट या नेशनल हाईवे एक्ट के तहत कोई कार्रवाई की गई.
कोर्ट ने कहा कि प्रभावशाली लोगों के प्रति ऐसी नरमी खतरनाक मिसाल कायम करती है और इससे राज्य में अराजकता फैल सकती है. कोर्ट ने पुलिस की "लाचारी" पर सवाल उठाते हुये कहा कि कानून का डर खत्म होने से व्यवस्था चरमरा सकती है.
इसके साथ ही कोर्ट ने इस महीने की शुरुआत में एक डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस की पत्नी द्वारा सार्वजनिक उपद्रव के एक अन्य मामले का भी जिक्र किया.
कोर्ट ने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक सड़कें निजी खेल का मैदान नहीं हैं और कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिये चाहे उनकी सामाजिक या आर्थिक स्थिति कुछ भी हो.
इस मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त को होगी.