मुस्लिम वसीयत पर HC: वारिसों की सहमति बिना 1/3 से ज्यादा संपत्ति देना अवैध
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मुस्लिम उत्तराधिकार और वसीयत के नियमों पर एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए साफ किया है कि मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत कोई भी व्यक्ति अपनी कुल संपत्ति के एक-तिहाई (1/3) से अधिक हिस्से की वसीयत नहीं कर सकता. कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी एक-तिहाई से ज्यादा संपत्ति किसी को देना चाहता है, तो इसके लिए उसकी मृत्यु के बाद अन्य कानूनी वारिसों की स्पष्ट सहमति लेना अनिवार्य है.
बिना वारिसों की रजामंदी के ऐसी कोई भी वसीयत कानूनन वैध नहीं मानी जाएगी.
यह फैसला कोरबा जिले के एक पुराने संपत्ति विवाद की सुनवाई के दौरान आया. मामला मृतक अब्दुल सत्तार लोधिया की संपत्ति से जुड़ा था. उनकी मृत्यु के बाद उनके भतीजे मोहम्मद सिकंदर ने एक वसीयत पेश की, जिसमें दावा किया गया कि अब्दुल सत्तार ने पूरी संपत्ति उसके नाम कर दी है.
भतीजे का कहना था कि उसे बेटे की तरह पाला गया था, इसलिए उसे यह हक मिला. निचली अदालतों ने भी पहले भतीजे के पक्ष में फैसला सुनाया था. हालांकि, मृतक की विधवा जैबुन निशा ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी. उन्होंने तर्क दिया कि यह वसीयत फर्जी है और उनकी सहमति के बिना पूरी संपत्ति किसी और को नहीं दी जा सकती.
हाईकोर्ट ने निचली अदालतों के फैसलों को रद्द करते हुए कहा कि मुस्लिम कानून के अनुच्छेद 117 और 118 के नियम अनिवार्य हैं. अदालत ने साफ किया कि विधवा एक कानूनी वारिस है और उसके अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती.
जज ने अपने फैसले में कहा कि यह साबित करने की जिम्मेदारी उस व्यक्ति (लाभार्थी) की है जिसे वसीयत मिली है कि क्या अन्य वारिसों ने इसके लिए अपनी सहमति दी थी या नहीं.
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि महज चुप्पी साधने या दस्तावेजों को संभाल लेने का मतलब 'सहमति' नहीं होता. इस फैसले से अब यह साफ हो गया है कि वसीयत चाहे किसी भी वारिस या बाहरी व्यक्ति के नाम हो, यदि वह निर्धारित सीमा से अधिक है, तो उसे कानूनी वारिसों की मंजूरी मिलना आवश्यक है.