हाईकोर्ट ने 24 फरार कैदियों पर मांगी रिपोर्ट
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य में पैरोल और जमानत पर रिहा हुए 24 फरार आरोपियों की स्थिति पर सख्त रुख अपनाया है. 5 मई 2025 तक की जानकारी के अनुसार, पांच सर्किल जेलों से पैरोल पर रिहा 26 में से केवल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 24 अभी भी फरार हैं.
इसी तरह, सात जिलों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अल्पकालिक जमानत पर रिहा 15 आरोपियों में से किसी को भी पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है.
हाईकोर्ट में दायर एक हलफनामे में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे इन फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं. पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने अपने हलफनामे में कहा कि फरार आरोपियों की स्थिति पर रोजाना निगरानी की जा रही है.
सभी रेंज पुलिस महानिरीक्षकों और जिला पुलिस अधीक्षकों को 9 जून 2025 को नये निर्देश जारी किये गये, जिसमें फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और 14 जुलाई 2025 तक जानकारी जमा करने के लिए कहा गया.
इन जिलों में रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, दुर्ग, बेमेतरा, बलौद, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़, सक्ती, सूरजपुर, जशपुर, बलरामपुर, जगदलपुर, कोंडागांव और दंतेवाड़ा शामिल हैं.
हाईकोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर 2025 को निर्धारित की है और जेल महानिदेशक को तब तक फरार आरोपियों की ताजा स्थिति पर हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है.