छत्तीसगढ़ HC: मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में रिक्त पद जनहित के खिलाफ
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञ पदों पर भर्ती में हो रही अत्यधिक देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने स्पष्ट रूप से कहा कि महत्वपूर्ण चिकित्सा पदों का लंबे समय तक खाली रहना आम जनता के लिए गंभीर नुकसानदेह है.
कोर्ट ने कड़े लहजे में टिप्पणी की कि ऐसे संवेदनशील मामलों में प्रक्रियात्मक आधार पर समय मांगना बिल्कुल भी उचित नहीं है.
अदालत ने राज्य सरकार को निर्देशित किया है कि वह एमडी (मनोचिकित्सक) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी अवांछित देरी के जल्द से जल्द पूरा करने के लिए ठोस प्रयास करे.
सुनवाई के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अप्रैल 2025 में निकाले गए विज्ञापन के बावजूद कोई उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिला, जिसके बाद अब 6 नए पदों के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को प्रस्ताव भेजा गया है.
कोर्ट ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि पुराने स्वीकृत पदों के लिए दोबारा वित्तीय मंजूरी लेने की प्रक्रिया में समय बर्बाद किया जा रहा है, जबकि इसे केवल एक औपचारिकता होना चाहिए.
राज्य सरकार ने अपनी सफाई में बताया कि रायपुर मेडिकल कॉलेज में एमडी साइकियाट्री की सीटें कम होने के कारण विशेषज्ञों की कमी है, जिससे निपटने के लिए अब 50 लाख रुपये तक के 'बॉन्ड नियम' को कड़ाई से लागू किया जा रहा है.
वहीं, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और काउंसलर के 9 पदों के लिए सत्यापन पूरा हो चुका है और नियुक्ति की सिफारिशें भेज दी गई हैं. कोर्ट ने अब स्वास्थ्य सचिव से इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति पर नया शपथ पत्र मांगा है.