Highcourt: पुजारी मंदिर का मालिक नहीं, केवल प्रबंधक
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मंदिर का पुजारी मंदिर की संपत्ति पर स्वामित्व या मालिकाना हक का दावा नहीं कर सकता है. पुजारी का कार्य केवल धार्मिक कर्तव्यों का प्रबंधन करना है. यह निर्णय धमतरी के विंध्यवासिनी मंदिर और उसकी संपत्तियों के प्रबंधन को लेकर दायर एक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया.
याचिका में 2015 के राजस्व मंडल (BoR) के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें विंध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट समिति को मंदिर और उसकी संपत्तियों का वैध प्रबंधन निकाय घोषित किया गया था. जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की खंडपीठ ने कहा, “पुजारी केवल देवता की संपत्ति का प्रबंधन करने वाला अनुदानी है. यदि वह अपने कर्तव्यों, जैसे प्रार्थना करने में विफल रहता है, तो यह अनुदान वापस लिया जा सकता है. पुजारी का भूमि पर कोई अधिकार नहीं है और उसका दर्जा केवल प्रबंधक का है.”
मामले का विवरण
यह विवाद धमतरी के विंध्यवासिनी मंदिर के प्रबंधन और संपत्ति के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से चल रहा था. याचिकाकर्ता, श्री विंध्यवासिनी माँ बिलाइमाता पुजारी परिषद समिति, ने 2015 के राजस्व मंडल के आदेश को रद्द करने की मांग की थी, जिसमें अश्वनी दुबे का नाम ट्रस्ट के रिकॉर्ड में शामिल करने की मांग खारिज कर दी गई थी.
2003 में तहसीलदार ने दुबे का नाम रिकॉर्ड में शामिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसे उप-मंडल अधिकारी (SDO), धमतरी ने रद्द कर दिया था. यह निर्णय अपील में अतिरिक्त आयुक्त और राजस्व मंडल द्वारा भी बरकरार रखा गया.
कोर्ट का फैसला
हाईकोर्ट ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट 23 जनवरी 1974 से एक पंजीकृत संस्था है और इसे मंदिर व उसकी संपत्तियों का प्रबंधन करने का अधिकार है. कोर्ट ने 1989 के सिविल जज के डिक्री का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि ट्रस्ट के पास मंदिर और उसकी संपत्ति पर वैधानिक अधिकार है और पुजारियों का कोई वंशानुगत या मालिकाना दावा नहीं है.
कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि पुजारी मंदिर की संपत्ति पर स्वामित्व का दावा करता है, तो यह कुप्रबंधन का कार्य है और वह पुजारी के रूप में कार्य करने के लिए उपयुक्त नहीं है. इसके अलावा, याचिकाकर्ता मूल कार्यवाही में पक्षकार नहीं था, इसलिए उसे राजस्व मंडल के निर्णय को चुनौती देने का कोई अधिकार नहीं था.
हाईकोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए कहा कि राजस्व मंडल का आदेश तर्कसंगत और कानूनी रूप से सही है.