छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की मिली ईमेल पर धमकी
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर स्थित उच्च न्यायालय में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात ईमेल के जरिए परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई. इस धमकी भरे संदेश में 26/11 हमले के दोषी अजमल कसाब के नाम का भी उल्लेख किया गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर अदालती कार्यवाही को तत्काल रोक दिया गया और पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.
एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया, हालांकि जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
पुलिस प्रशासन ने इसे केवल भय पैदा करने की कोशिश करार दिया है. वर्तमान में साइबर सेल की टीम उस संदिग्ध ईमेल के आईपी एड्रेस और स्रोत को ट्रैक करने में जुटी है ताकि इस शरारत या साजिश के पीछे छिपे असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया जा सके.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में अदालतों को निशाना बनाने की यह पहली कोशिश नहीं है. कुछ दिनों पूर्व बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग (भिलाई) जिला न्यायालयों को भी इसी प्रकार की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के बाद कोरी अफवाह और दहशत फैलाने की साजिश करार दिया था.
पिछली घटनाओं की तरह इस बार भी पुलिस इसे एक सोची-समझी शरारत मान रही है. फिलहाल हाईकोर्ट की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है और साइबर विशेषज्ञ उस डिजिटल पते की तलाश कर रहे हैं जहाँ से यह ईमेल भेजा गया था, ताकि बार-बार न्यायपालिका को डराने की कोशिश करने वाले आरोपियों तक पहुँचा जा सके.