अनुच्छेद 21 के तहत समय पर इलाज कैदी का अधिकार: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि अधिकारी किसी कैदी के पैरोल आवेदन को अनिश्चितकाल तक लंबित नहीं रख सकते, विशेषकर जब मामला गंभीर स्वास्थ्य आधार से जुड़ा हो. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने एक 68 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की, जो गैंग्रीन जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है और जिसके पैर कटने का खतरा बना हुआ है.
न्यायालय ने कहा कि हालांकि पैरोल एक पूर्ण अधिकार नहीं है, लेकिन संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार में समय पर और पर्याप्त चिकित्सा उपचार प्राप्त करना शामिल है.
अदालत ने जेल प्रशासन और सक्षम प्राधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासनिक निष्क्रियता, जो किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवन को प्रभावित करती है, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.
याचिकाकर्ता ने अपनी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में अपने खर्च पर इलाज कराने के लिए 90 दिनों की पैरोल मांगी थी, जिस पर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा था.
इस पर संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की उन दलीलों को दरकिनार कर दिया जिसमें कहा गया था कि पैरोल अधिकार का मामला नहीं है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को कानून के दायरे में रहकर एक तर्कसंगत आदेश पारित करना अनिवार्य है.
अंततः, खंडपीठ ने सक्षम प्राधिकारी को आदेश की प्रति मिलने के दस दिनों के भीतर कैदी के लंबित पैरोल आवेदन पर निर्णय लेने का निर्देश देकर याचिका का निपटारा कर दिया है.