HC: दो साथियों की हत्या करने वाले CAF जवान की उम्रकैद बरकरार
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने अपने दो सहकर्मियों की हत्या और एक अन्य की हत्या के प्रयास के मामले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान की दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने 12 मार्च को निचली अदालत के उस आदेश की पुष्टि की, जिसमें दोषी जवान कुमेती को उसके प्राकृतिक जीवन के अंत तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी.
यह घटना 29 मई, 2020 को नारायणपुर जिले के आमदई घाटी कैंप में हुई थी, जहां 9वीं बटालियन के सहायक प्लाटून कमांडर कुमेती ने आपसी विवाद के बाद अपनी सर्विस एके-47 राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस हमले में प्रधान आरक्षक रामेश्वर साहू और आरक्षक बिंदेश्वर साहनी की मौत हो गई थी, जबकि उप-निरीक्षक लक्षराम प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि घायल प्रत्यक्षदर्शी का बयान अत्यधिक साक्ष्य मूल्य रखता है, क्योंकि उसकी चोटें घटनास्थल पर उसकी उपस्थिति की पुष्टि करती हैं.
जांच में सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले ताश खेलने के दौरान हुए विवाद में 'जानवरों की तरह शोर मचाने' की टिप्पणी से कुमेती आहत था.
फायरिंग के बाद उसे चिल्लाते हुए सुना गया था कि उसके साथ "जानवरों जैसा व्यवहार" किया गया और उसने वही किया जो उसे करना था. कोर्ट ने रक्षा पक्ष के उस तर्क को भी खारिज कर दिया जिसमें अंधेरे के कारण पहचान संभव न होने की बात कही गई थी.