छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिले 3 नए जज, केंद्र सरकार ने दी नियुक्ति को मंजूरी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी.
इस फैसले के तहत जिन तीन न्यायिक अधिकारियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया है, उनमें:
संतोष शर्मा
सुषमा सावंत
सुधीर कुमार
यह महत्वपूर्ण नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा 18 अगस्त को की गई सिफारिशों के आधार पर की गई हैं. राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के साथ परामर्श के बाद संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन अधिकारियों की नियुक्ति पर मुहर लगाई है.
न्यायाधीशों की इस नई नियुक्ति से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे में मदद मिलेगी. 22 स्वीकृत न्यायाधीशों की क्षमता वाले छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में वर्तमान में केवल 11 न्यायाधीश ही कार्यरत थे. तीन नए जजों के शामिल होने से अदालत की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूती मिलेगी.