HC: सबूतों में विसंगति होने पर पॉक्सो मामले में अपील खारिज
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के एक मामले में आरोपी को बरी करने के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ दायर अपील को खारिज कर दिया है. जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस राधाकृष्ण अग्रवाल की खंडपीठ ने फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि यदि अभियोजन पक्ष के साक्ष्य विरोधाभासी हैं और भरोसेमंद नहीं हैं, तो संदेह का लाभ आरोपी को मिलना अनिवार्य है.
यह मामला रायपुर की विशेष अदालत (पॉक्सो) के उस फैसले से जुड़ा था, जिसमें आरोपी को धारा 376(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के आरोपों से बरी कर दिया गया था. अभियोजन का आरोप था कि आरोपी ने अप्रैल 2022 में मोबाइल के जरिए संपर्क बढ़ाकर पीड़िता के साथ यौन शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई थी.
हालांकि, हाईकोर्ट ने पाया कि अभियोजन पक्ष पीड़िता की उम्र एक नाबालिग के रूप में साबित करने में विफल रहा. कोर्ट ने नोट किया कि स्कूल रजिस्टर में दर्ज जन्मतिथि का कोई ठोस आधार या जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया था.
अदालत ने पीड़िता के बयानों में भी गंभीर विसंगतियां पाईं. जिरह के दौरान पीड़िता ने स्वीकार किया कि वह उस अवधि में आरोपी से नहीं मिली थी, जब चिकित्सकीय साक्ष्यों के अनुसार गर्भधारण हुआ था.
इसके अलावा, पीड़िता और उसके पिता द्वारा भ्रूण के डीएनए परीक्षण के लिए सहमति देने से इनकार करना मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ. कोर्ट ने कहा कि डीएनए टेस्ट पितृत्व स्थापित करने का निर्णायक माध्यम हो सकता था, जिससे इनकार करने पर अभियोजन का पक्ष कमजोर हो गया.
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में दोहराया कि हालांकि सजा केवल पीड़िता के बयान के आधार पर दी जा सकती है, लेकिन वह बयान पूरी तरह विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए.
इस मामले में मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के बीच भारी अंतर को देखते हुए कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया. अदालत ने कहा कि जब साक्ष्यों के आधार पर दो विचार संभव हों, तो आरोपी के पक्ष में जाने वाले विचार को ही अपनाया जाना चाहिए. इसी के साथ अदालत ने अभियोजन की अपील को खारिज कर दिया.