छत्तीसगढ़: भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी, कई इलाकों में वज्रपात भी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए आने वाले कुछ घंटे मौसम के लिहाज से बेहद सतर्क रहने वाले हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है. प्रदेश भर में बादल छाए रहने के साथ-साथ तेज गर्जन, बिजली गिरने और तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत में सक्रिय मानसून तंत्र के कारण छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश तथा ओडिशा के इलाकों में बारिश का दौर सबसे ज्यादा उग्र रहेगा. राज्य के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिसे ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं.
देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पूर्वी राज्यों में हल्की से मध्यम और कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है, लेकिन छत्तीसगढ़ और ओडिशा इस समय मानसून की मुख्य गतिविधि के केंद्र बने हुए हैं. आम नागरिकों को आकाशीय बिजली और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.