छत्तीसगढ़ HC: सहायक शिक्षक व शिक्षक भर्ती परीक्षा पर रोक
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने सहायक शिक्षकों और शिक्षकों के पदों पर होने वाली आगामी भर्ती परीक्षाओं पर interim stay लगा दिया है. कोर्ट ने यह कड़ा रुख आरक्षित वर्गों, विशेष रूप से पूरी तरह से दृष्टिबाधित (Completely Blind) अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिए बिना परीक्षा आयोजित करने के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अपनाया.
मुख्य न्यायाधीश कृष्णा राम महापात्रा और न्यायाधीश संतोष शर्मा की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी पात्र आरक्षित श्रेणियों को शामिल कर अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका नहीं दिया जाता, तब तक यह भर्ती प्रक्रिया स्थगित रहेगी.
यह आदेश फागूराम बरगाह, मीनाक्षी मंगलेकर और अन्य द्वारा दायर याचिकाओं पर आया है. राज्य में सहायक शिक्षक के पदों के लिए 11 अक्टूबर और शिक्षक पद के लिए 25 अक्टूबर को परीक्षा आयोजित होनी थी.
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश डिप्टी एडवोकेट जनरल प्रसून कुमार भादुरी ने तर्क दिया कि वर्गवार आरक्षण का शुद्धि-पत्र (Corrigendum) समाचार पत्रों और लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जा चुका है.
सरकार ने कहा कि 2,292 सहायक शिक्षक पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त को समाप्त हो चुकी थी, जबकि दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल करने वाली संशोधित अधिसूचना 11 सितंबर को जारी की गई, जिससे उन्हें वर्तमान प्रक्रिया में शामिल करना कठिन था.
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने सरकार के इस तर्क को खारिज करते हुए सख्त टिप्पणी की कि वैधानिक रूप से तय आरक्षण कोटे से पात्र अभ्यर्थियों को बाहर नहीं रखा जा सकता.
अदालत ने यह भी ध्यान दिलाया कि जारी किया गया शुद्धि-पत्र केवल सहायक शिक्षक के पदों को कवर करता है, जबकि शिक्षक के पदों को इसमें छोड़ दिया गया है. अदालत के इस फैसले के बाद अब राज्य सरकार को सभी आरक्षित श्रेणियों को प्रक्रिया में शामिल करते हुए पोर्टल खोलकर नए आवेदन स्वीकार करने होंगे, जिसके बाद ही भर्ती परीक्षा की नई तिथियां तय हो सकेंगी.