छत्तीसगढ़ HC: मिसकैरेज के अवकाश को मातृत्व लाभ से अलग माना
बिलासपुर । संवाददाता: मातृत्व लाभ केवल एक प्रशासनिक सुविधा नहीं, बल्कि महिला कर्मचारी के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण से जुड़ा एक मौलिक अधिकार है. इस महत्वपूर्ण टिप्पणी के साथ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि गर्भावस्था के दौरान मिसकैरेज के समय ली गई छुट्टियों को बाद के मातृत्व अवकाश में समायोजित नहीं किया जा सकता.
इसके साथ ही अदालत ने यह भी तय किया है कि केवल लीव बैलेंस की कमी या तकनीकी कमियों का हवाला देकर किसी भी महिला कर्मचारी को मातृत्व लाभ से वंचित करना पूरी तरह से गलत है.
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने इस मामले में फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा दायर अपील को पूरी तरह खारिज कर दिया. हाईकोर्ट ने सिंगल बेंच के उस फैसले को सही ठहराया, जिसमें एफसीआई की रायपुर शाखा में असिस्टेंट ग्रेड-2 के पद पर तैनात किरण गौतम शर्मा के हक में आदेश दिया गया था.
हालांकि, निजी अस्पताल में कराए गए इलाज के खर्चों के संबंध में अदालत ने विभाग को निर्देश दिया है कि वे दस्तावेजों का पुनः परीक्षण कर नियमों के तहत फैसला लें.
पूरा विवाद वर्ष 2019 का है, जब एफसीआई की कर्मचारी किरण गौतम शर्मा जुड़वा बच्चों के साथ गर्भवती थीं. अप्रैल 2019 में चिकित्सीय जटिलताओं के चलते उनका एक भ्रूण मिसकैरेज हो गया, जबकि दूसरे भ्रूण को डॉक्टरों ने हाई-रिस्क बताते हुए लगातार बेड रेस्ट की सलाह दी.
इसके बाद सितंबर 2019 में उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया. इस दौरान ली गई 68 दिनों की छुट्टियों को एफसीआई ने 'एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी लीव' मानते हुए उनके वेतन से 80,254 रुपये काट लिए थे.
वेतन में हुई इस कटौती और अवकाश समायोजन के खिलाफ महिला कर्मचारी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. सिंगल बेंच ने कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मिसकैरेज और मातृत्व अवकाश को मिलाकर कुल 90 दिनों का पूरा लाभ देने और काटी गई राशि को तुरंत वापस करने का आदेश जारी किया था.
जब एफसीआई ने इस फैसले को डिवीजन बेंच में चुनौती दी, तो उच्च न्यायालय ने साफ शब्दों में कहा कि तकनीकी कमियों के आधार पर मातृत्व से जुड़े अधिकारों को छीना नहीं जा सकता.