छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट: आधारशिला शिक्षण संघ को राहत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आधारशिला शिक्षण संघ को राहत प्रदान की है. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया है कि आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 12AA के तहत पंजीकृत सोसाइटी की गतिविधियों की सत्यता या धर्मार्थ प्रकृति की आयकर विभाग द्वारा धारा 80G की मंजूरी के लिये दोबारा जांच नहीं की जा सकती.
कोर्ट ने आयकर आयुक्त, रायपुर की अपील को खारिज कर दिया, जिसमें आयकर अपीलीय अधिकरण, रायपुर बेंच के आदेश को चुनौती दी गई थी.आयकर अपीलीय अधिकरण ने मेसर्स आधारशिला शिक्षण संघ को धारा 80G की मंजूरी देने का निर्देश दिया था.
आधारशिला शिक्षण संघ ने 28 फरवरी, 2014 को धारा 80G की मंजूरी के लिये आवेदन किया था. आयकर आयुक्त ने गतिविधियों की सत्यता के लिए जांच की, लेकिन 8 अगस्त, 2014 की रिपोर्ट में दावा किया गया कि सोसाइटी की गतिविधियां व्यावसायिक थीं, क्योंकि यह फीस लेती थी और सिक्किम मणिपाल विश्वविद्यालय से धन प्राप्त करती थी. इसके आधार पर, 25 अगस्त, 2014 को आवेदन खारिज कर दिया गया.
आयकर अपीलीय अधिकरण ने 15 जनवरी, 2019 को अपील को मंजूर करते हुए कहा कि वैध 12AA पंजीकरण के रहते 80G मंजूरी से इनकार करना उचित नहीं है.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु की खंडपीठ ने आयकर अपीलीय अधिकरण के फैसले को बरकरार रखा. कोर्ट ने कहा, “जब तक धारा 12AA का पंजीकरण वैध है, आयकर विभाग गतिविधियों की सत्यता या धर्मार्थ उद्देश्य की जांच नहीं कर सकता.”
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट और अन्य हाईकोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए आयकर विभाग की अपील खारिज कर दी और सोसाइटी के पक्ष में फैसला सुनाया.