छत्तीसगढ़ HC: थानों में 18 महीने तक सुरक्षित रखने होंगे CCTV फुटेज
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों में सीसीटीवी कैमरों के निरंतर संचालन और उनकी रिकॉर्डिंग को कम से कम 18 महीने तक सुरक्षित रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. अदालत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि केवल कैमरे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त स्टोरेज क्षमता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करना भी राज्य प्रशासन की जिम्मेदारी है.
यह महत्वपूर्ण फैसला मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने जीपीएम जिले के गौरेला थाना क्षेत्र से जुड़े एक एनडीपीएस (NDPS) मामले की सुनवाई के दौरान सुनाया. याचिकाकर्ता बनवारी लाल गुप्ता और अन्य आरोपियों ने अदालत से थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और टावर लोकेशन डेटा की मांग की थी.
आरोपियों का दावा था कि पुलिस ने उन्हें घटना से एक दिन पहले ही थाने में अवैध रूप से बैठा रखा था और वे अपने इस दावे को साबित करने के लिए 13 से 15 सितंबर 2024 के बीच का फुटेज चाहते थे.
सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट की ओर से बताया गया कि सीसीटीवी सिस्टम की 18 महीने की ऑटो-डिलीट प्रणाली के कारण संबंधित फुटेज अब उपलब्ध नहीं है. रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद उच्च न्यायालय ने माना कि जब फुटेज ही अस्तित्व में नहीं है, तो उसे पेश करने का आदेश जारी नहीं किया जा सकता, जिसके बाद आरोपियों की याचिका खारिज कर दी गई.
याचिका खारिज करने के साथ ही हाई कोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पूरे राज्य के थानों के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी किए.
अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के पुराने आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज हिरासत, पूछताछ और पुलिस प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों में अत्यंत महत्वपूर्ण सबूत साबित होते हैं. अतः किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक विफलता के कारण इलेक्ट्रोनिक साक्ष्य नष्ट नहीं होने चाहिए.
अदालत ने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही के कारण फुटेज नष्ट होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उन पर कार्रवाई की जाएगी.
राज्य सरकार ने सुनवाई के दौरान अदालत को सूचित किया कि छत्तीसगढ़ के 550 पुलिस स्टेशनों में सीसीटीवी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 102.10 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है. इसके तहत जिला स्तरीय समितियां हर महीने थानों में जाकर कैमरों का निरीक्षण करेंगी और 18 महीने के बैकअप की उपलब्धता पर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी.
उच्च न्यायालय ने इस आदेश की प्रति तत्काल अनुपालन हेतु मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को भेजने के निर्देश दिए हैं.