छत्तीसगढ़: 18 मार्च को सरकारी कर्मचारियों का ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर लामबंद हो गए हैं. छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन (CKAF) के बैनर तले प्रदेश भर के शासकीय सेवक 18 मार्च को अपनी मांगों के समर्थन में जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर जंगी प्रदर्शन करेंगे.
यह विरोध प्रदर्शन कार्यालयीन समय के दौरान लंच ब्रेक में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से भारी संख्या में कर्मचारियों के जुटने की संभावना है.
कर्मचारियों की प्रमुख नाराजगी 'मोदी की गारंटी' के तहत चुनावी वादों को पूरा न करने को लेकर है. फेडरेशन की मुख्य मांगों में जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ते के एरियर को जनरल प्रोविडेंट फंड खाते में समायोजित करना और 8, 16, 24 तथा 32 वर्ष के अंतराल पर 4-स्तरीय समयमान वेतनमान लागू करना शामिल है.
साथ ही, कर्मचारी मध्य प्रदेश की तर्ज पर अर्जित अवकाश के नकदीकरण की सीमा को बढ़ाकर 300 दिन करने की मांग कर रहे हैं.
आंदोलन के अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं में पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करना शामिल है, जिससे लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर हो सके.
इसके अलावा, अनुकंपा नियुक्ति पर लगी 10% की सीमा को हटाने, पंचायत सचिवों व संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और स्टाफ की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई है.
फेडरेशन ने आधार-आधारित उपस्थिति प्रणाली और सेवानिवृत्ति के बाद संविदा नियुक्तियों को बंद कर रिक्त पदों पर सीधी भर्ती शुरू करने का आग्रह किया है. CKAF के प्रदेश संयोजक कमल वर्मा ने सभी कर्मचारियों से इस एकजुटता प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.