कांग्रेस के कुशासन के कारण ही सरकार बदली- किरण सिंह देव
दुर्ग । संवाददाता: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया है. दुर्ग जिले के अहिवारा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे देव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन अकारण नहीं हुआ है, बल्कि यह कांग्रेस के पांच वर्षों के कुशासन का परिणाम है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "यूं ही नहीं पांच साल में सरकारें बदल जाती हैं," जनता हर गतिविधि पर नजर रखती है और सही समय पर अपना फैसला सुनाती है.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का यह पलटवार उस समय आया है जब कांग्रेस प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को लेकर भाजपा सरकार की घेराबंदी करने की कोशिश कर रही है.
इन आरोपों को खारिज करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों में प्रदेश ने जो भ्रष्टाचार, अत्याचार और दुराचार देखा, उसी की परिणति कांग्रेस की करारी हार के रूप में हुई है.
देव ने साय सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ एक बार फिर शांति और प्रगति के पथ पर अग्रसर है.
उन्होंने जोर दिया कि केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन' सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है. किरण सिंह देव के अनुसार, विधानसभा से लेकर पंचायत चुनावों तक के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास अब पूरी तरह भाजपा के साथ है और प्रदेश अब विकास की नई इबारत लिख रहा है.