छत्तीसगढ़: गौरेला में ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत
गौरेला । डेस्क: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के धनौली गांव में मंगलवार को धनौली-तेंदुमुड़ा मार्ग पर तेज गति से ट्रैक्टर चला रहे 28 वर्षीय मनोहर सिंह अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठे. ट्रैक्टर सड़क से फिसलकर खेत में जा गिरा और पलट गया, जिसके नीचे दबने से मनोहर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक धनौली के पत्थरा टोला का निवासी था और पिता राम सिंह का बेटा था. बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर से घर की ओर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. राहत कार्य शुरू किए गए, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका.
गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ड्राइवर द्वारा नियंत्रण खोने को मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.