चमत्कारी इलाज के नाम पर ढोंगी बाबा ने किया दुष्कर्म
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आस्था के नाम पर खिलवाड़ और दुराचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पामगढ़ पुलिस ने एक ऐसे तथाकथित बाबा को गिरफ्तार किया है, जिसने शारीरिक कष्ट दूर करने का झांसा देकर एक महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया.
आरोपी की पहचान 60 वर्षीय निर्मल बाबा के रूप में हुई है, जो मूलतः महाराष्ट्र के नासिक का निवासी है. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से धर दबोचा.
पूरा मामला चैत्र नवरात्रि के दौरान शुरू हुआ, जब आरोपी पामगढ़ क्षेत्र में पदयात्रा पर था. शारीरिक दर्द से परेशान पीड़िता अपनी सहेली के साथ आरोपी से मिली थी.
बाबा ने उसे दैवीय शक्ति से ठीक करने का भरोसा दिलाकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया. मार्च के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने महिला को प्रसाद के बहाने बुलाया और उसे अपने जाल में फँसाकर मध्य प्रदेश के मैहर ले गया.
वहां एक होटल में ठहराकर आरोपी ने इलाज के नाम पर महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बिलासपुर छोड़कर फरार हो गया.
जब पीड़िता ने उसका विरोध किया और संपर्क तोड़ना चाहा, तो आरोपी ने प्रतिशोध में इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाकर महिला की निजी तस्वीरें सार्वजनिक कर दीं.
इस प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने 11 अप्रैल को पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे धर्मशाला से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.