छत्तीसगढ़: वन विभाग की लापरवाही से कुएं में गिरे 3 हाथियों को निकाला गया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्थित बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के हरदी गांव में 3 हाथी एक खुले कुएं में गिर गए थे, जिन्हें निकाल लिया गया है
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अरुण कुमार पांडेय के अनुसार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने हाथियों को कुएं में संघर्ष करते देखा और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी. कुएं के चारों ओर कोई बाहरी दीवार या घेराबंदी नहीं थी, जिसके कारण ये हादसा हुआ.
सूचना मिलते ही वरिष्ठ वन अधिकारी बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे. हाथियों को सुरक्षित निकालने के लिए अर्थ-एक्स्कवेटर (जेसीबी) मशीनों को काम पर लगाया गया था
अधिकारी ने बताया कि कुएं के किनारों को खोदकर एक रैंप बनाया गया था ताकि विशालकाय हाथी बिना किसी चोट के आसानी से बाहर निकल सकें.
कुओं को लेकर लापरवाह विभाग
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 2021 में छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिख कर जंगल और उससे लगे इलाकों में खुले कुओं को ढंकने के लिए चिट्ठी लिखी थी.
लेकिन निजी खदानों की स्वीकृति में अपनी जान झोंकने के लिए तैयार वन विभाग के अधिकारी जानवरों की जान बचाने के इस दिशा निर्देश पर आंखें मूंदे पड़े रहे.
वन्यजीव प्रेमी नितिन सिंघवी ने इसे वन विभाग की घोर लापरवाही बताया है. सिंघवी ने बताया कि वन क्षेत्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में खुले हुए और सूखे कुओं को बंद करने को लेकर वे 2018 से मांग कर रहे हैं.
सिंघवी ने बताया कि पिछले सात साल से वन विभाग ने इन कुओं को सुरक्षित करने हेतु राज्य शासन से बजट प्राप्त करने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की, जबकि प्रदेश में वन क्षेत्र और उसके आसपास खुले और सूखे कुओं की संख्या पचीस हजार से ज्यादा होने का अनुमान है. वर्ष 2024 में कैंपा फंड से सिर्फ 450 खुले कुओं पर सुरक्षा दीवार बनाकर सुरक्षित किया गया, वह भी सिर्फ कांकेर जिले में जब कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) ने कोई कुआँ बंद नहीं करवाया.
सिंघवी ने बताया कि कीचड़ युक्त डबरी में हाथियों के फंसने को लेकर, कीचड़ युक्त डबरी, सूखे कुओं और खुले कुओं को बंद करने को लेकर उन्होंने राज्य शासन को 25 सितम्बर को पत्र लिखा था, जिसे शासन ने तो गंभीरता से लिया गया, परंतु बाद में विभागीय अधिकारियों ने कोई रूचि नहीं की दिखाई.
2017 में प्रतापपुर के पास एक हथिनी सूखे कुएं में गिर गई थी. उसे क्रेन से निकाला गया, परंतु तत्काल ही उसकी मौत हो गई.
सिंघवी ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद भी वन विभाग नहीं जागा. हर साल कई भालू, तेंदुए, लकड़बग्घे और अन्य जानवर इन कुओं में गिरकर या तो मर जाते हैं या घायल हो जाते हैं, जिन्हें बाद में आजीवन जू में कैद रहना पड़ता है. शायद वन विभाग को खुशी मिलती हो कि जू में जानवरों की संख्या बढ़ रही है.