भूपेश बघेल को रोकने उनके बेटे की गिरफ्तारी- प्रियंका गांधी
रायपुर । संवाददाता: प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि विधानसभा में भूपेश बघेल को रोकने के लिये ईडी ने उनके बेटे को गिरफ्तार किया है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को इसलिये गिरफ्तार किया, क्योंकि वे राज्य के जंगलों को कथित तौर पर अडानी समूह को सौंपे जाने का मुद्दा विधानसभा में उठाने वाले थे.
प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर जनता की आवाज को दबाने और विपक्ष को कुचलने का आरोप लगाया.
शुक्रवार को ईडी ने एक कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चैतन्य को बाद में एक अदालत ने पांच दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया.
प्रियंका गांधी ने हिंदी में एक पोस्ट में कहा, "बीजेपी सरकार ने छत्तीसगढ़ के सभी जंगलों को अडानी समूह को सौंप दिया है. पेसा अधिनियम और एनजीटी के निर्देशों की अवहेलना कर जंगलों को नष्ट किया जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने वाले थे. उन्हें रोकने के लिए ईडी ने सुबह-सुबह उनके घर पर छापा मारा और उनके बेटे को गिरफ्तारी कर लिया."
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश ने देखा है कि इस तरह की रणनीतियों से जनता की आवाज को दबाने और विपक्ष को चुप कराने की कोशिश की जाती है. प्रियंका ने जोर देकर कहा, "लेकिन इस तरह की रणनीतियों से सच्चाई को दबाना और विपक्ष को डराना असंभव है. कांग्रेस का हर कार्यकर्ता भूपेश बघेल के साथ मजबूती से खड़ा है."
ईडी ने चैतन्य को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम की धारा 19 के तहत हिरासत में लिया. यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह दुर्ग जिले के भिलाई शहर में उनके आवास पर छापेमारी के बाद की गई, जहां भूपेश बघेल और उनके बेटे एक ही घर में रहते हैं.
ईडी सूत्रों ने बताया कि चैतन्य को ये सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया, क्योंकि वे छापेमारी के दौरान सहयोग नहीं कर रहे थे.
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लये किया जा रहा है. हालांकि, उन्होंने कहा कि वे न्यायपालिका पर भरोसा करते हैं और एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे.
कांग्रेस विधायकों ने चैतन्य की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को राज्य विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया और ईडी पर विपक्ष को परेशान करने का आरोप लगाया.
ईडी के अनुसार, यह कथित शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ, जब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी.