वन अधिकारी ने जान जोखिम में डाल जाल से पकड़ा घायल तेंदुआ
रायपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीता नदी टाइगर रिजर्व में मानवता और अदम्य साहस की एक मिसाल देखने को मिली, जहां एक घायल तेंदुए को बचाने के लिए एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे काबू किया. यह तेंदुआ पिछले सात दिनों से गले में शिकारियों के तार के फंदे में फंसा हुआ था और दर्द से तड़प रहा था.
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कोकोड़ी गांव के करीब इस तेंदुए की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया, क्योंकि तेंदुआ बस्ती के बेहद करीब झाड़ियों में छिपा था और बच्चों या ग्रामीणों पर हमला कर सकता था.
एंटी पोचिंग टीम के नोडल अधिकारी और एसडीओ गोपाल कश्यप जब मौके पर पहुंचे, तो वहां स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी. घना जंगल होने के कारण ड्रोन तेंदुए को पूरी तरह लोकेट नहीं कर पा रहा था और रायपुर से रेस्क्यू टीम आने में घंटों की देरी थी. अंधेरा होने से पहले तेंदुए को पकड़ना जरूरी था, वरना वह गांव में घुसकर शिकार कर सकता था.
ऐसे में साहस दिखाते हुए एसडीओ कश्यप खुद एक रस्सी का जाल लेकर तेंदुए के करीब पहुंचे और उसे दबोच लिया. इस दौरान तेंदुए ने उन पर हमला भी किया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और स्टाफ व ग्रामीणों की मदद से उसे पिंजरे में कैद किया.
देर रात रायपुर से पहुंची जंगल सफारी के पशु चिकित्सक डॉ. जय किशोर जड़िया और उनकी टीम ने तेंदुए को बेहोश कर उसके गले में धंसे दो लोहे के फंदे निकाले. गंभीर घाव होने के बावजूद अब तेंदुए की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए रायपुर शिफ्ट किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि यह तेंदुआ दर्द की वजह से आसान शिकार ढूंढ रहा था और उसने गांव के एक पालतू कुत्ते को भी मार दिया था.
इस घटना के बाद वन विभाग ने शिकारियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है.
गौरतलब है कि पिछले सात दिनों में ही सांभर के शिकार और अन्य मामलों में 19 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है. वन विभाग ने शिकारियों की सूचना देने वालों के लिए 5,000 से 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है और डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन का मोबाइल नंबर (7568127875) सार्वजनिक किया है.
हालांकि, टाइगर रिजर्व वर्तमान में केवल 35 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम कर रहा है.