अवैध रेत भंडारण पर 2.18 Cr का जुर्माना
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बरबसपुर में अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई की गई तथा 2.18 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है. महासमुंद जिले के ग्राम बरबसपुर में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई की है. 15 जून को संयुक्त टीम ने ग्राम सरपंच, कोटवार और ग्रामवासियों की मौजूदगी में बरबसपुर में अवैध रेत भंडारण की जांच की और बड़ी मात्रा में रेत जब्त की.
जांच के दौरान 43 निजी भू-स्वामियों की जमीन पर अवैध रेत भंडारण पाया गया, जिन पर कुल 54 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया. इसके अतिरिक्त, 14 शासकीय भूमियों पर अवैध रेत भंडारण के मामले में 1 करोड़ 64 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया. इस तरह, कुल 2.18 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया है.
कलेक्टर लंगेह ने रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिये खनिज विभाग को सख्त निर्देश दिये हैं.
इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है. खनिज विभाग ने भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है ताकि प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग रोका जा सके.