छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री होगी फिल्म 'शतक'
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बनी फिल्म 'शतक' को राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को रायपुर में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान कई प्रतिनिधियों के साथ यह फिल्म देखी.
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना अनुभव साझा करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट समर्पण का जीवंत चित्रण बताया.
उन्होंने लिखा कि RSS की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित 'शतक' को देखकर उनका हृदय गर्व और प्रेरणा से भर गया. सीएम साय के अनुसार, यह फिल्म अनुशासन और 'नेशन फर्स्ट' की भावना को भावी पीढ़ियों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है.
पैनोरमा के सहयोग से बनी और वीर कपूर द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन आशीष मॉल ने किया है, जबकि आशीष तिवारी इसके सह-निर्माता हैं.
देशभर के सिनेमाघरों में 20 फरवरी 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म संघ के सेवा कार्यों और उसके ऐतिहासिक सफर को बड़े पर्दे पर दर्शाती है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि फिल्म की प्रेरक गाथाएं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगी.