छत्तीसगढ़: 65 खनिज ब्लॉकों की नीलामी से ₹4 लाख करोड़ का राजस्व अनुमानित
रायपुर । संवाददाता: देश की रणनीतिक सप्लाई चेन में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राज्य में अब तक नीलाम किए गए 65 खनिज ब्लॉकों से लगभग 4 लाख करोड़ रुपये के विशाल राजस्व क्षमता का अनुमान लगाया गया है.
केंद्र सरकार द्वारा 7 राज्यों में आयोजित की जा रही क्रिटिकल मिनरल ब्लॉकों की 8वीं नीलामी प्रक्रिया के तहत छत्तीसगढ़ के 5 प्रमुख खनिज ब्लॉकों को भी शामिल किया गया है. नया रायपुर में आयोजित रोडशो के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशकों, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स को इन नीलामियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया.
छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में लिथियम, ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स (REE), टंगस्टन, वैनेडियम और गैलियम जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खनिजों के प्रचुर भंडार चिन्हित किए गए हैं.
कटघोरा और बस्तर क्षेत्र में लिथियम एवं REE की संभावना पाई गई है, वहीं बलरामपुर में ग्रेफाइट, वैनेडियम और गैलियम की उपस्थिति दर्ज की गई है. उल्लेखनीय है कि कटघोरा का ब्लॉक देश का पहला नीलामी में शामिल लिथियम-बेयरिंग खनिज ब्लॉक बना है.
राज्य में पिछले ढाई वर्षों के दौरान खनन अन्वेषण (एक्सप्लोरेशन) की गतिविधियों को काफी तेजी दी गई है. इस अवधि में 40 नए अन्वेषण प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और 2,800 किलोमीटर से अधिक का भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खनन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप राज्य के वन क्षेत्र (फॉरेस्ट कवर) में 1.22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.