बस्तर में माओवादी संगठन का अंत नजदीक- आईजी बस्तर
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में दशकों से सक्रिय माओवादी संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है. संगठन के 'थिंक टैंक' माने जाने वाले पोलित ब्यूरो सदस्य देवजी उर्फ तिप्परी तिरुपति सहित चार खूंखार नक्सली लीडरों ने तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. सरेंडर करने वालों में एक-एक करोड़ के इनामी मल्लाराजा रेड्डी उर्फ संग्राम और देवजी के अलावा 40-40 लाख के इनामी नरसिम्हा रेड्डी उर्फ सन्नू दादा और बड़े चोक्का राव उर्फ दामोदर शामिल हैं.
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने इस घटनाक्रम को नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक मोड़ बताया है.
आईजी सुंदरराज पी के अनुसार, जनरल सेक्रेटरी बसवाराजू की मृत्यु के बाद देवजी को ही पूरे माओवादी संगठन की कमान सौंपी गई थी, जिसके आत्मसमर्पण से संगठन की कमर पूरी तरह टूट गई है. पिछले तीन दशकों से दंडकारण्य क्षेत्र में आतंक का पर्याय रहे ये चारों लीडर कई बड़ी हिंसक वारदातों में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से शामिल थे.
पुलिस का मानना है कि छत्तीसगढ़ सरकार के बढ़ते दबाव और प्रभावी एंटी-नक्सल ऑपरेशंस के चलते इन बड़े चेहरों को हथियार डालने पर मजबूर होना पड़ा है.
अब दंडकारण्य क्षेत्र में केवल 100 से 125 सशस्त्र माओवादी ही शेष बचे हैं, जो मुख्य रूप से बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाकों में सिमट कर रह गए हैं.
वर्तमान में संगठन के पास अब कोई बड़ा चेहरा नहीं बचा है. केवल डीकेएसजेडसी (DKSZC) सदस्य पापा राव ही सक्रिय है, जिसकी तलाश में जवान सघन अभियान चला रहे हैं.
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शेष बचे माओवादी या तो आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आएं, अन्यथा उन्हें कड़े अंजाम भुगतने होंगे. प्रशासन का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर बस्तर को पूरी तरह नक्सल मुक्त करना है, जिसके लिए अंदरूनी इलाकों में सुरक्षाबलों की पकड़ लगातार मजबूत की जा रही है.