छत्तीसगढ़: घर की दीवार में मिला हाथी का दांत, 4 साल बाद तस्करी का खुलासा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) की एंटी-पोचिंग यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घर की दीवार में चुनकर रखे गए हाथी के दांत को बरामद किया है. यह मामला साल 2021 से जुड़ा है, जब मैनपुर इलाके के गंगाराम नामक व्यक्ति को खेत में 10 सेमी का हाथी का दांत मिला था, जिसे उसने कुलहाड़ीघाट गांव के सुखचंद को सौंप दिया था.
चौंकाने वाली बात यह है कि सितंबर 2022 में गंगाराम की मौत उसी खेत के पास हाथी के हमले में हो गई थी, जिसके बाद विभाग ने उसके परिवार को मुआवजा भी दिया था. अब जांच में पता चला है कि यह दांत पद्मन नामक व्यक्ति के घर की दीवार के भीतर छिपाकर रखा गया था, जिसे भविष्य में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी.
छापेमारी के दौरान वन विभाग को न केवल हाथी दांत, बल्कि तीर-धनुष, गुलेल और जंगली सुअर के अवशेष भी मिले हैं, जो इस क्षेत्र में संगठित शिकार की ओर इशारा करते हैं.
इस मामले में अब तक सुखचंद और गंगाराम के बेटे पुसाउराम को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पद्मन से पूछताछ जारी है.
अधिकारियों को संदेह है कि यह दांत उस हाथी का हो सकता है जो किसी दलदल या तालाब में फंसकर मर गया था और जिसका शव अब तक बरामद नहीं हुआ है.
वन विभाग अब उस संदिग्ध तालाब की खुदाई करने और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाने की तैयारी कर रहा है ताकि इस बड़े वन्यजीव व्यापार नेटवर्क का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके.