छत्तीसगढ़: बुजुर्ग महिला को जेसीबी ने रौंदा, मौके पर ही मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी कर घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई. उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरीगारका की रहने वाली 70 वर्षीय सूरजा बाई साहू की सुबह एक तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, सूरजा बाई गांव की अन्य महिलाओं के साथ पंचायत भवन गई थीं, ताकि 'महतारी वंदन योजना' के तहत आवश्यक केवाईसी (KYC) की औपचारिकताएं पूरी की जा सकें.
सुबह करीब 10:30 बजे जब वे वापस अपने घर की ओर पैदल लौट रही थीं, तभी साहू मैरिज पैलेस के समीप बोरीडीह मार्ग पर एक अनियंत्रित जेसीबी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग महिला ने घटनास्थल पर ही प्राण त्याग दिए.
घटना के तुरंत बाद वहां स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. सूचना मिलते ही मचांदूर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने पंचनामा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल जेसीबी साहू ट्रेडर्स की है, जिसे गोविंद निर्मलकर नामक चालक चला रहा था. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.