दुर्ग: नाबालिग से 7 साल तक रेप, भाजपा सांसद का निजी सचिव और ठेकेदार गिरफ्तार
दुर्ग: नाबालिग से 7 साल तक रेप, सांसद का निजी सचिव और ठेकेदार गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नौकरी का झांसा देकर एक किशोरी के साथ सात वर्षों तक सामूहिक दुष्कर्म करने के हाई-प्रोफाइल मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दुर्ग के भाजपा सांसद के निजी सचिव भीम नारायण पांडेय और पीडब्ल्यूडी ठेकेदार संजय पंडित ने आखिरकार अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया है.
इस घिनौने अपराध में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से चार पहले ही जेल की सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं.
यह मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़िता ने अपनी मां के साथ महिला थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को पीडब्ल्यूडी विभाग में संविदा पर नौकरी दिलाने का लालच देकर साल 2018 से 2023 के बीच लगातार अपनी हवस का शिकार बनाया.
जांच में सामने आया कि इस शोषण की शुरुआत आरोपी राजू कश्यप ने की थी, जिसने पहले पीड़िता की मां को काम दिलाया और फिर पीड़िता को अपनी साजिश में फंसाया. पीड़िता के बालिग होने पर उसे सांसद के सचिव भीम नारायण पांडेय से मिलवाया गया, जहां नौकरी लगवाने के बहाने सरकारी रेस्ट हाउस और निजी होटलों में उसके साथ दुष्कर्म का सिलसिला जारी रहा.
पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में ही होटल मैनेजर विजय स्वाइन, ठेकेदार अनिल चौधरी, रिटायर्ड कर्मचारी गोविंद सिंह और राजू कश्यप को गिरफ्तार किया जा चुका था. ताजा गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके.
Symbolic Photo