दुर्ग: पंजाब ले लाकर हेरोइन बेचने वाले गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस ने नशीले पदार्थों के काले कारोबार पर प्रहार करते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. स्मृति नगर और वैशाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन (चिट्ठा) बेचने वाले पांच तस्करों को दबोचा गया है.
पकड़े गए आरोपियों में गिरोह का सरगना गुरजीत सिंह उर्फ रूट शामिल है, जो पहले भी कई बार जेल जा चुका है. इसके साथ ही शेखर राव, कुंदन, हर्ष भाटी और रायपुर निवासी मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने इनके पास से 14 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत काफी अधिक है. जब्त किए गए मोबाइल और वाहनों समेत कुल मशरूका करीब 3.65 लाख रुपये आंका गया है. सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है.
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार सरहद पार पाकिस्तान से जुड़े हैं. रूट का एक रिश्तेदार पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर भारत में सप्लाई करता था, जिसे रूट पंजाब से महज 3 हजार रुपये प्रति ग्राम में खरीदकर भिलाई-दुर्ग में 8 हजार रुपये तक में बेचता था.
गिरोह का मास्टरमाइंड रूट पुराना अपराधी है, जो पहले पुलिस हिरासत से अपनी प्रेमिका के साथ भागने की कोशिश भी कर चुका है.
सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह राजनीतिक रसूख रखने वाले लक्ष्मण चौधरी उर्फ बुधिया के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था. पुलिस की इस मुस्तैदी ने न केवल स्थानीय स्तर पर नशे की सप्लाई चेन तोड़ी है, बल्कि इसके पीछे काम कर रहे बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट को भी बेनकाब कर दिया है.