दंतेवाड़ा में डीएसपी तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. सुकमा के जगरगुंडा एसडीओपी तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला किया गया है. यह हमला दंतेवाड़ा में सरे बाजार हुआ है. हमलावर युवक और युवती है. घायल डीएसपी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. डीएसपी की हालत स्थिर बताई जा रही है. इधर दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. इन दोनों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसडीओपी तोमेश वर्मा यूएपीए के एक मामले में दंतेवाड़ा कोर्ट आए थे. इसी दौरान दुर्ग से आई महिला रंजीता वर्मा और रमाशंकर साह कोर्ट के पास मिले. डीएसपी ने दोंनों को अपने चार पहिया वाहन में बैठा लिया. करीब डेढ़ से दो घंटे तक साथ घूमते रहे. नगर के एचडीएफसी बैक के पास रुक गया. वाहन के अंदर में छीनी छपटी लोगों ने देखी तो भीड़ जमा हो गई.
इसी दौरान रमाशंकर ने धारदार चाकू से डीएसपी के गले पर वार किया. यह वार गले से थोड़ा ऊपर गाल पर हुआ. डॉक्टरों की बात मानें तो आठ से दस सेमी लंबा घाव हुआ है और गहरा तो हड्डी दिखते तक हुआ है. डीएसपी तोमेश वर्मा जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है. इधर पुलिस दोनों पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर 2024 को दुर्ग में एफआईआर हुई थी. महिला ने आरोप लगाया था कि तोमेश रिश्ते में देवर है और घटना दिनांक को जबरन घर में घुसकर कथित तौर पर रेप किया. पति और परिजनों को बताया कि प्रताड़ित हो रही थी. सितंबर 2025 में कोर्ट का फैसला आया जिसमें तोमेश बरी हो गये थे.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है. दोनों से दो चाकू भी बरामद किए है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है महिला पुरुष दोनों ही डीएसपी की जान लेने पर तुले हुए थे. दोनो के पास बड़े बड़े चाकू थे. इस ड्रामे को देखने वालों का हुजूम एकत्र था, लेकिन बचाने वाला कोई नहीं था.
इसी दौरान धमतरी का एक युवक पहुंचा उसने आरोपी रमाशंकर साहू के हाथ से चाकू छीन लिया और आरोपी को जकड़ लिया. इधर गीदम की ओर से आ रही पुलिस को भी अचानक यह ड्रामा दिखा. पुलिस के जवानों ने उसे पकड़ा और रेलिंग से बांध दिया. इसके बाद थाना से पुलिस बल मौके पर पहुंचा. आरोपियों को पकड़ कर थाना ले गई और वही डीएसपी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया.