धमतरी: मोबाइल पर बात करते हुए पानी की टंकी से कूदी किशोरी
धमतरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सुभाष नगर स्थित कांटा तालाब के पास एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने 50 फीट ऊँचे वाटर टैंक से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान रानू उर्फ रागिनी श्रीवास्तव के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम रागिनी मोबाइल पर किसी से बात करते हुए टंकी के ऊपर चढ़ी थी और अचानक वहां से छलांग लगा दी.
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
आक्रोशित स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में भी इस टंकी पर चढ़कर आत्महत्या के प्रयास किए जा चुके हैं, इसके बावजूद प्रशासन ने सीढ़ियों को बंद करने या वहां सुरक्षा घेरा बनाने की जहमत नहीं उठाई.
पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में जुट गई है. सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में किशोरी के मोबाइल पर बात करने का तथ्य सामने आया है, जिसकी गहराई से पड़ताल की जा रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके.