धमतरी: धर्मांतरण विवाद सुलझा, महिला का हिंदू रीति से अंतिम संस्कार
धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी तहसील के बोराई गांव में एक साहू समाज की बुजुर्ग महिला के निधन के बाद अंतिम संस्कार को लेकर भारी तनाव फैल गया था. कुछ साल पहले ईसाई धर्म अपनाने वाली इस महिला की गुरुवार को मृत्यु हो गई, जिसके बाद उनके शव को दफनाने की कोशिश पर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया.
हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे गांव की परंपराओं के खिलाफ बताते हुए शव को दफनाने से इनकार कर दिया, जिससे स्थिति गरम हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही शव को नगरी के श्मशान घाट ले जाया गया, जहां दफन के लिए गड्ढा तक खोद लिया गया था. लेकिन जैसे ही यह बात फैली, नगरवासी और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए. उन्होंने दफन प्रक्रिया को रोक दिया और नारेबाजी शुरू कर दी.
माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. दोनों पक्षों को समझाने के लिए लंबी चर्चा चली, लेकिन शुरुआत में कोई समाधान नजर नहीं आया.
अंततः, भारी विरोध के बीच शव को वापस बोराई गांव लाया गया. वहां गुरुवार की देर रात तक प्रशासन, पुलिस, हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच कई घंटों की बैठक चली.
इस दौरान परिवार ने हिंदू धर्म में वापसी का लिखित आश्वासन दिया और गांव की परंपराओं के अनुरूप अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई. इस फैसले से विवाद शांत हो गया.
शुक्रवार को गांव में ही महिला का हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूर्ण संस्कार किया गया. जिला प्रशासन ने बताया कि अब इलाके में शांति बनी हुई है और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.