सरकारी अस्पताल की दवा के बोतल में संदिग्ध वस्तु मिली
सरकारी अस्पताल के दवा के बोतल में संदिग्ध वस्तु मिली
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के देवपुरी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कैल्सिड सीरप की एक बोतल के अंदर मांस जैसा पदार्थ मिलने की शिकायत ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को 6 दिसंबर को यह जानकारी मिलते ही मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई.
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रायपुर जिले की संयुक्त जांच टीम ने 7 दिसंबर को संबंधित दवा का विधिवत नमूना संग्रहित किया. नमूना कैल्सिड सस्पेंसन 200 एमएल का है, जिसका बैच नंबर ALGE 4061, निर्माण तिथि मई 2024 और समाप्ति तिथि अप्रैल 2026 है. यह दवा हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित एक्टिनोवा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित की गई है.
संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेज दिया गया है. परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होते ही औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
विभाग ने इस घटना को एक सबक मानते हुए जन-सामान्य से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध औषधि या दवा के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर +91-9340597097 पर संपर्क करें. इससे समय पर उचित कदम उठाकर उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी.
यह मामला दवाओं की गुणवत्ता और वितरण प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है, जिसके मद्देनजर विभाग ने निर्माता कंपनी पर भी नजर रखने का फैसला किया है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाएं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है. (Symbolic Photo)