उपमुख्यमंत्री साव ने बघेल पर किया पलटवार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे और बस्तर के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षाबलों की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जवानों की वापसी को लेकर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
साव ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार की मंशा कभी नक्सलवाद को जड़ से मिटाने की नहीं रही. उन्होंने दावा किया कि बघेल सरकार के दौरान सुरक्षाबलों के हाथ बांध दिए गए थे और उन्हें वह स्वतंत्रता नहीं दी गई जो नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक जंग के लिए जरूरी थी.
उपमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब नक्सलियों ने खुशियां मनाई थीं, जो इनके आपसी तालमेल को स्पष्ट करता है.
बस्तर से जवानों की घर वापसी के मुद्दे पर स्थिति साफ करते हुए अरुण साव ने कहा कि यह कोई जल्दबाजी में लिया जाने वाला फैसला नहीं है. सुरक्षाबलों को वापस बुलाने का निर्णय केवल जमीनी परिस्थितियों और सुरक्षा के पुख्ता आकलन के आधार पर ही लिया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब क्षेत्र में पूरी तरह शांति बहाल हो जाएगी और हालात नियंत्रण में होंगे, तभी इस पर विचार किया जाएगा.
इसके साथ ही उन्होंने सरकार की पुनर्वास नीति का जिक्र करते हुए कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार ठोस योजना पर काम कर रही है. शासन का मुख्य लक्ष्य बस्तर के दूरदराज क्षेत्रों में विकास की पहुंच सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है. File Photo