मैनपाट में शिकारियों के बिछाए मौत के जाल ने ली युवक की जान
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित मूसाखोल नर्सरी में मंगलवार की रात जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से एक 37 वर्षीय युवक, मिश्रा यादव की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक अपने घर के निर्माण के लिए लकड़ी लेने नर्सरी गया था, जहाँ वह शिकारियों द्वारा फैलाए गए जीआई तार की चपेट में आ गया.
इस दौरान उसे बचाने की कोशिश में उसका साला भी बिजली के झटके से झुलस गया.
घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना पुलिस बुधवार सुबह मौके पर पहुँची और मुख्य लाइन की बिजली कटवाकर शव को अपने कब्जे में लिया.
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शिकारियों ने पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाई-वोल्टेज लाइन से सीधे तार जोड़कर पूरे इलाके में फैला रखे थे.
इस जानलेवा जाल में न केवल युवक की जान गई, बल्कि एक सियार भी मृत पाया गया है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तार जब्त किए हैं और अज्ञात शिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.