दंतेवाड़ा: जादू-टोने के शक में चाचा की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के पोन्दुम-2 गांव में एक युवक ने जादू-टोने के संदेह में अपने चाचा की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी. पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया और मामले में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 3 फरवरी को ग्राम पोन्दुम-2 के गोटखुटापारा में हुई. 50 वर्षीय कोसा मण्डावी अपने घर के आंगन में खून से लथपथ अवस्था में मिले. फॉरेंसिक टीम और दंतेवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
पूछताछ में परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के भतीजे मुड़ा उर्फ मनकू मण्डावी को इस बात का गहरा शक था कि उसके चाचा कोसा मण्डावी ने जादू-टोना करके उसकी मां सुकड़ी मण्डावी की मौत का कारण बने.
इस पुरानी रंजिश और सदमे के चलते मनकू ने मौका मिलते ही चाचा पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से सिर और कंधे पर कई घातक वार किए, जिससे कोसा मण्डावी की मौके पर ही मौत हो गई. हमले के बाद आरोपी फरार हो गया.
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा, धनंजय सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. 4 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि मनकू पोन्दुम-जारम के जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है.
दंतेवाड़ा पुलिस और डीआरजी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल में घेराबंदी की और आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मण्डावी को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया और बताया कि मां की मौत के लिए वह चाचा को जिम्मेदार मानता था. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी और आरोपी का खून लगा हाफ नेकर भी जब्त किया. आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है.