दंतेवाड़ा: मेडिकल कुंडली मिलान किये बिना 191 जोड़ों का सामूहिक विवाह
दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित एक बड़े सामूहिक विवाह समारोह में 191 जोड़ों ने एक साथ फेरे लिए और वैवाहिक जीवन की शुरुआत की. हालांकि, इस सरकारी आयोजन में स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जांचों की पूरी तरह अनदेखी कर दी गई, जिसने स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
खास तौर पर सिकल सेल एनीमिया जैसी आनुवंशिक बीमारी की स्क्रीनिंग किसी भी जोड़े की नहीं हुई. यह बीमारी आदिवासी बहुल इलाकों में काफी आम है और राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत इसे नियंत्रित करने के लिए विवाह से पहले जांच और जेनेटिक काउंसलिंग पर जोर दिया जाता है.
जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने इस कमी को स्वीकार करते हुए कहा कि जांच अवश्य करानी चाहिए थी, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी. उन्होंने स्पष्ट दिशा-निर्देश न मिलने का भी हवाला दिया.
विशेषज्ञों का कहना है कि सिकल सेल एक गंभीर जेनेटिक रक्त विकार है, जो माता-पिता के जीन से संतान में स्थानांतरित होता है. यदि वर और वधु दोनों में यह ट्रेट मौजूद हो, तो आने वाली पीढ़ी में बीमारी का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
ऐसे में विवाह पूर्व 'मेडिकल कुंडली' मिलान यानी दोनों की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य मानी जाती है, ताकि भविष्य में बच्चों को इस तरह की गंभीर समस्याओं से बचाया जा सके.
सिकल सेल में लाल रक्त कोशिकाएं सामान्य गोलाकार आकार की बजाय हंसिया जैसी हो जाती हैं, जिससे रक्त संचार बाधित होता है. इससे पीड़ित व्यक्ति को बार-बार तेज दर्द, पीलिया, थकान, जोड़ों में सूजन, पित्त की पथरी, किडनी की समस्या, स्ट्रोक जैसी जटिलताएं और अन्य गंभीर लक्षण झेलने पड़ सकते हैं.
यह घटना आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की चुनौतियों को उजागर करती है, जहां सिकल सेल जैसी बीमारियों को जड़ से खत्म करने के लिए केंद्र सरकार का विशेष मिशन चल रहा है. विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में स्वास्थ्य जांच को अनिवार्य हिस्सा बनाया जाए, ताकि युवा जोड़ों का भविष्य सुरक्षित रह सके.
वैसे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की गाइडलाइंस में मेडिकल कुंडली मिलान का कोई नियम नहीं है. लेकिन राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (NSCAEM) के तहत 0-40 वर्ष तक के लोगों (खासकर आदिवासी क्षेत्रों में) की स्क्रीनिंग, जागरूकता और प्री-मैरिटल काउंसलिंग पर जोर दिया गया है.
महाराष्ट्र ने थैलेसीमिया के लिए विवाह पूर्व टेस्ट अनिवार्य बनाने की घोषणा की है लेकिन सिकल सेल के लिए नहीं. ओमान, सऊदी अरब जैसे देशों में प्री-मैरिटल स्क्रीनिंग अनिवार्य है, लेकिन भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है.