छत्तीसगढ़ की नर्तकी की झारखंड में संदिग्ध मौत
छत्तीसगढ़ की नर्तकी की पलामू में संदिग्ध मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की 20 वर्षीय डांसर रिया कुमारी की झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. रिया, छत्तीसगढ़ के लखनपुर, नावापारा की निवासी थी और अपने माता-पिता के साथ अंबिकापुर में रहती थी.
वह छतरपुर में एक डांस प्रोग्राम के लिए आई थी और अन्य डांसरों के साथ एक किराये के मकान में ठहरी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
शनिवार रात की यह घटना महेंद्र पेट्रोल पंप के पास स्थित एक किराये के मकान में हुई. रिया के साथ रहने वाली डांसर नीतू कुमारी ने बताया कि रिया, प्रतिज्ञा, अन्नू और दो युवक, चांद और विष्णु, एक स्थानीय आयोजक के बुलावे पर शादी और आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों में डांस करने आये थे. रात को शौच के लिये बाहर जाने के बाद रिया ने सिरदर्द और उल्टी की शिकायत की. साथियों ने उसके सिर की तेल से मालिश की, लेकिन हालत नहीं सुधरी. इसके बाद मकान मालिक के बेटे को बुलाया गया, जिसने रिया को दो इंजेक्शन लगाये. इंजेक्शन के बाद रिया की तबीयत और बिगड़ गई. रात करीब 9 बजे उसे छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
नीतू ने बताया कि आयोजकों ने प्रत्येक प्रोग्राम के लिये 2,000 से 2,500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, छतरपुर में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से सैकड़ों लड़कियों को डांस प्रोग्राम के लिए बुलाया जाता है. इन्हें किराये के मकानों में रखा जाता है, लेकिन कई बार भुगतान में देरी या टालमटोल किया जाता है.
छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि मामला संदिग्ध है. इंजेक्शन में इस्तेमाल दवा और परिस्थितियों की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा. रिया के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे छतरपुर के लिये रवाना हो चुके हैं. पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.