छत्तीसगढ़ में कोरोना से दूसरी मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के कारण 6 दिन के अंदर दूसरी मौत की खबर सामने आई है. राजनांदगांव जिले के लखोनी निवासी 55 वर्षीय एक पुरुष की शनिवार देर रात इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. मृतक को पहले से हृदय रोग, सांस की तकलीफ और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियां थीं.
मरीज का इलाज शासकीय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, पेंड्री के आईसीयू में चल रहा था. अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर थी और शनिवार रात उसकी मृत्यु हो गई. रविवार को कोविड प्रोटोकॉल के तहत उसका अंतिम संस्कार किया गया.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 20 जून को मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे तुरंत कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था. मरीज के परिजनों को होम आइसोलेशन में रखा गया और उनके संपर्क में आये लोगों की जांच शुरू की गई है.
इससे पहले 16 जून को राजनांदगांव के ही 86 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोरोना से मृत्यु हो गई थी. वह लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था और रूटीन डायलिसिस के लिये रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था. डॉक्टरों को उसमें कोविड के लक्षण दिखाई दिये, जिसके बाद जांच में वह पॉजिटिव पाया गया. इलाज के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई.
छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले एक बार फिर सामने आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी है.