कांग्रेस की नाकेबंदी सुपरफ्लॉप- अरुण साव
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को रायपुर में भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी को 'सुपर फ्लॉप' करार देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर हमला बोला. साव ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में शराब घोटाला, कोल घोटाला, और महादेव सट्टा ऐप जैसे कांडों ने छत्तीसगढ़ की छवि को देशभर में धूमिल किया, जिसके चलते जनता ने उन्हें नकार दिया.
अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल ने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने लाकर प्रदेश को आर्थिक नुकसान पहुंचाया. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी का प्रयास पूरी तरह विफल रहा, क्योंकि छत्तीसगढ़ की जनता और व्यापारिक संगठनों ने इसका पुरजोर विरोध किया.
साव ने कहा, "यह पहली बार देखा गया कि भ्रष्टाचारियों के पक्ष में नाकेबंदी कर आम जनता को परेशान करने की साजिश रची गई, लेकिन जनता ने इसे नाकाम कर दिया." उन्होंने जनता और संगठनों का आभार जताते हुये कहा कि इस विरोध ने प्रदेश का मान बढ़ाया है.
अरुण साव ने भूपेश बघेल के हालिया बयानों पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने अपने बेटे की गिरफ्तारी पर गर्व जताया था. साव ने कहा, "भूपेश बघेल कहते हैं कि उनके पिता नंदकुमार बघेल, जो हिंदुत्व और भगवान श्रीराम का विरोध करते हुये जेल जाते थे, आज जीवित होते तो अपने पोते की गिरफ्तारी पर खुश होते. यह आश्चर्यजनक है कि भूपेश अब अपने पिता के विचारों से सहमत नजर आ रहे हैं, जबकि पहले वे इससे असहमति जताते थे.
उपमुख्यमंत्री ने प्रवर्तन निदेशालय की प्रेस रिलीज का हवाला देते हुए कहा कि शराब घोटाले में 2500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक आय अर्जित की गई, जिसमें से 16.70 करोड़ रुपये चैतन्य बघेल को प्राप्त हुये. साव ने आरोप लगाया कि चैतन्य ने अपनी रियल एस्टेट फर्मों के जरिये इस राशि को संभाला और 1000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध आय को कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन कोषाध्यक्ष को हस्तांतरित करने में अनवर ढेबर जैसे लोगों के साथ समन्वय किया.
साव ने भूपेश बघेल के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके बेटे को अब पूरा देश जान गया है.
साव ने तंज कसते हुए कहा, "एक पिता को अपने बेटे पर तब गर्व होता है जब वह डॉक्टर, इंजीनियर या सामाजिक कार्यों में प्रसिद्धि पाये, न कि आर्थिक अपराध में नाम आने पर. भूपेश बघेल का इस पर गर्व करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है."
अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने कोल, शराब, और महादेव सट्टा ऐप जैसे घोटालों के जरिये छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को बाधित किया.
उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस की नाकेबंदी को नकारकर यह साबित कर दिया कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं.