मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: 22 जुलाई को कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी

C

CG Khabar

19 जुल. 2025, 01:51 PM 3 मिनट में पढ़ें 16

दीपक बैज
दीपक बैज

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने 22 जुलाई को राज्यव्यापी आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया है. यह कदम केंद्र सरकार द्वारा कथित तौर पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिये उठाया जा रहा है. 


यह घोषणा प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी के एक दिन बाद की गई है.

विज्ञापन


राज्य कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दिसंबर 2023 में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस नेताओं को डराने और झूठे मामलों में जेल में डाला जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विष्णु देव साय सरकार केंद्र के इशारे पर काम कर रही है और पिछले दो वर्षों में हर मोर्चे पर विफल रही है. 


बैज ने कहा, "कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं. हमारी पूरी पार्टी भूपेश बघेल के साथ खड़ी है. आर्थिक नाकेबंदी के दौरान हमारे कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और राष्ट्रीय राजमार्गों को अवरुद्ध करेंगे."


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ को "अडानी" के हवाले करना चाहती है. उन्होंने दावा किया कि जो भी इसका विरोध करेगा, उसे उनके बेटे जैसा ही हश्र भुगतना पड़ेगा. 


बघेल ने कहा, "10 मार्च को ईडी ने चैतन्य के घर पर छापा मारा, लेकिन इसके बाद न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही कोई पूछताछ की गई. सीधे उनकी गिरफ्तारी कर ली गई, जो संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है. यह बीजेपी की कांग्रेस नेताओं को दबाने की सुनियोजित रणनीति है."


बघेल ने यह भी बताया कि उनकी पार्टी के विधायक देवेंद्र यादव, सतनामी समाज के नेताओं और आदिवासी नेता कवासी लखमा को भी एक-एक करके जेल में डाला गया है. 


उन्होंने कहा, "मेरा बेटा राजनीति में नहीं है और केवल अपने व्यवसाय और खेती तक सीमित है. बीजेपी का मकसद कांग्रेस नेतृत्व को खत्म करना और छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों को अडानी को सौंपना है."


बघेल ने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई केवल उनके या अन्य नेताओं के लिये नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिये है. 


उन्होंने कहा, "हमें उस तरीके का विरोध करना होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन को अडानी को समर्पित कर रहे हैं."


जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जांच एजेंसियों के अगले निशाने पर हो सकते हैं, तो बघेल ने कहा, "हां, उन्होंने सोचा कि मैं कई बार जेल जा चुका हूं, इसलिये उन्होंने मेरे बेटे को निशाना बनाया. लेकिन मेरा बेटा मुझसे भी मजबूत है. हम महात्मा गांधी, नेहरू और सरदार पटेल के वंशज हैं, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए 10 साल जेल में बिताये." उन्होंने देश और संविधान को बचाने के लिये हर बलिदान देने की बात कही.


इस अवसर पर विपक्ष के नेता चरण दास महंत, कांग्रेस विधायक और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे.


गौरतलब है कि ईडी ने शुक्रवार को चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने कथित शराब घोटाले से 16.70 करोड़ रुपये प्राप्त किये और 1000 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध की आय को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्हें पांच दिन की ईडी हिरासत में भेजा गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP