तमनार में अडानी के खनन को मंजूरी पर कांग्रेस का विरोध
कोयला खनन को मंजूरी पर कांग्रेस का विरोध
रायपुर । संवाददाता: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गारे पेलमा सेक्टर-2 में कोयला खनन परियोजना को दी गई पर्यावरणीय मंजूरी पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक वन अधिकारों की मान्यता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.
पूर्व पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि 15 जनवरी 2024 को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की भोपाल पीठ ने 209 पन्नों के फैसले में 11 जुलाई 2022 को महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (महाजनको) को दी गई पर्यावरणीय मंजूरी को रद्द कर दिया था. यह परियोजना 6,300 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैली है, जिसमें 14 गांव शामिल हैं, और इसका लगभग 8 प्रतिशत हिस्सा घना वन क्षेत्र है.
रमेश ने कहा, "एनजीटी के फैसले में स्पष्ट किया गया कि पर्यावरणीय मंजूरी देने की कानूनी प्रक्रिया का पालन न तो पूरी तरह किया गया और न ही इसका भावनात्मक अनुपालन हुआ." उन्होंने बताया कि सार्वजनिक सुनवाई की अनिवार्यता को कानून के अनुसार पूरा नहीं किया गया था. इसके अलावा, परियोजना के सार्वजनिक स्वास्थ्य, जलविज्ञान और स्थानीय पारिस्थितिकी पर प्रभाव का उचित मूल्यांकन नहीं किया गया है.
कांग्रेस महासचिव ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि केवल सात महीनों के भीतर ही इस परियोजना को दोबारा पर्यावरणीय मंजूरी दे दी गई. अब इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई शुरू हो गई है. रमेश ने सवाल उठाया, "क्या हमें आश्चर्य या सदमे में होना चाहिये? शायद नहीं, क्योंकि खदान संचालक और डेवलपर अडानी समूह है."
उन्होंने जोर देकर कहा कि एनजीटी को यह सुनिश्चित करना चाहिये कि प्रारंभिक अस्वीकृति के आधार अब समाप्त हो चुके हैं, सार्वजनिक परामर्श विधिवत रूप से आयोजित किये गये हैं, और स्वास्थ्य, जलविज्ञान और संचयी प्रभाव का मूल्यांकन पेशेवर तरीके से किया गया है. इसके साथ ही, उन्होंने वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत सामुदायिक अधिकारों की मान्यता को अनदेखा करने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई.
रमेश ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया कि 26 और 27 जून को तमनार तहसील के मुदागांव और सरायटोला गांवों में कम से कम 5,000 पेड़ काटे गये हैं. यह कटाई गारे पालमा सेक्टर-द्वितीय कोयला खदान स्थापित करने के लिए की गई है.