छत्तीसगढ़ कैडर के रवि मित्तल PMO में उप सचिव नियुक्त
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक के लिए मंजूरी दे दी है.
32 वर्षीय रवि मित्तल अपनी प्रशासनिक कुशलता और डिजिटल नवाचारों के लिए जाने जाते हैं. पीएमओ में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से पहले वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सचिवालय में जनसंपर्क आयुक्त और संयुक्त सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे.
मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और जेएनयू से पब्लिक मैनेजमेंट में एमए करने वाले रवि मित्तल का करियर उपलब्धियों से भरा रहा है.
उन्होंने जशपुर के जिला कलेक्टर, रायगढ़ जिला पंचायत के सीईओ और संवाद के आयुक्त जैसे अहम पदों पर कार्य किया है.
विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में कृषि प्रसंस्करण, कौशल विकास और ग्रामीण औद्योगिक पार्कों में उनके तकनीकी हस्तक्षेपों की काफी सराहना की गई है.
साल 2017 में राजनांदगांव में राजस्व प्रबंधन से अपने करियर की शुरुआत करने वाले मित्तल इससे पूर्व 2018 में केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय में सहायक सचिव के तौर पर भी संक्षिप्त सेवाएं दे चुके हैं. उनकी यह नियुक्ति प्रशासनिक हलकों में उनकी बढ़ती साख को दर्शाती है.